बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. जगन्नाथ मिश्र के निधन पर CM रघुवर ने जताया शोक

punjabkesari.in Tuesday, Aug 20, 2019 - 06:25 PM (IST)

रांची: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. जगन्नाथ मिश्र का नई दिल्ली में सोमवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे चारा घोटाले के दो मामलों में सजायाफ्ता थे। उन्‍होंने द्वारका सेक्‍टर 4 के नीलांचल अपार्टमेंट के फ्लैट नं ए 402  में आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से झारखंड के सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई।

वहीं मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में लिखा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जगन्नाथ मिश्र जी को शत-शत नमन। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे एवं दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दे। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने उनकी आत्मा की शांति की कामना ईश्वर से की है।

कांग्रेस नेताओं ने डॉ. मिश्रा के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी ने डॉ. मिश्रा के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि डॉक्टर साहब मेरे गुरु थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने शोक संवेदना में कहा कि जगन्नाथ मिश्र बिहार की राजनीति के एक पुरोधा थे। मुख्यमंत्री के रूप में जगन्नाथ मिश्र ने बिहार के विकास को एक नई दिशा दी और समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया। वे बिहार की राजनीति का एक महत्वपूर्ण अध्याय थे, जो उनके निधन से समाप्त हो गया।

Edited By

Jagdev Singh