रांची में बोले CM रघुवर- राज्य में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाना अगला लक्ष्य

punjabkesari.in Saturday, May 25, 2019 - 01:15 PM (IST)

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में बीजेपी प्रदेश कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लक्ष्य निर्धारित किया। बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में दो तिहाई बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाना मिशन 2019 का अगला पड़ाव है। मुख्यमंत्री ने प्रबंधन के सभी विभागों के कार्यों की सराहना की और कहा कि कुशल प्रबंधन और समन्वय से ही पार्टी ने प्रदेश में बड़ी जीत हासिल की और महागठबंधन को धराशायी किया है। शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक का संचालन महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी दीपक प्रकाश ने किया।

प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने चुनाव प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों को राज्य में बड़ी जीत में महती भूमिका निभाने के लिए बधाई दी। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रबंधन के सभी विभागों से उनके अनुभवों को सुना एवं उनके सुझाव भी प्राप्त किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के परिश्रम एवं प्रयासों की प्रशंसा की व राज्य की 14 में से 12 लोकसभा सीटें जीतने के लिए बधाई दी। हजारीबाग से लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए जयंत सिन्हा व गिरिडीह के नवनिर्वाचित सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री रघुवर दास से भेंट की। देश व झारखंड में बीजेपी को मिली अपार सफलता पर दोनों सांसदों ने आभार जताया। वहीं सीएम ने भी उन्हें बधाई दी। इस दौरान सीएम रघुवर से मिलने के बाद जयंत दिल्ली चले गए।

बीजेपी के प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी मंगल पांडेय ने कहा है कि बिहार-झारखंड की जनता ने राजद को नकार दिया है। दोनों राज्यों में ऐसा प्रकाश फैला है कि अब लालटेन चुनावी मैदान में नहीं, बल्कि म्यूजियम में ही दिखेगा। पांडेय ने एनडीए के नवनिर्वाचित सांसदों को उनकी जीत पर बधाई दी है। साथ ही कहा, अब जनता की उम्मीदों पर खड़ा उतरें। 

prachi