धनबाद में बोले CM रघुवर, देश के विकास को ध्यान में रखकर मोदी को दोबारा चुने प्रधानमंत्री

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2019 - 04:42 PM (IST)

धनबाद: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास सोमवार को धनबाद लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी पशुपति नाथ सिंह के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने धनबाद के जिला परिषद मैदान में लोगों को संबोधित किया। सीएम रघुवर ने कहा कि धनबाद की जनता ने हमेशा से देश के विकास को ध्यान में रखकर वोट किया है, इस बार फिर हमें नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। आजादी के बाद से ही कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा दे रही है। इस बार फिर कांग्रेस ने लोगों को धोखा देने के लिए गरीबी हटाओ का नारा दिया है। ये चुनाव 55 साल के कुशासन बनाम 5 साल के सुशासन का है।

रघुवर दास ने कहा कि मोदी दिन-रात एक कर गरीबों के विकास के लिए काम कर रहे हैं। हमें उन्हें सशक्त बनाना है, धनबाद में फिर एक बार कमल खिलाना है। उन्होंने पीएम मोदी तारीफ करते हुए कहा कि देश को एक सशक्त नेतृत्व देने वाला नेता मिला है। जिसने दुश्मनों को घर में घुसकर करारा जवाब दिया। सेना को खुली छूट दी, देश की सुरक्षा के साथ उसने कोई समझौता नहीं किया। अब आतंकियों की हिम्मत नहीं होती है कि वो हिंदुस्तान की तरफ आंख उठा कर देख सकें।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के महामिलावटी लोग हमारे वीर जवानों के शौर्य पर सवाल उठा रहे हैं। इस बार हमें इन्हें करारा जवाब देना है। वहीं कीर्ति आजाद के धनबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने पर सीएम रघुवर ने कहा कि कांग्रेस बिहार से उम्मीदवार उधार लेकर आई है। सोचिए, कांग्रेस पार्टी की क्या स्थिति है। धनबाद के कांग्रेसी नेताओं पर पार्टी ने भरोसा नहीं किया और बाहरी उम्मीदवार ले आई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवराज सुबह क्या बोलते हैं, शाम को क्या बोलते हैं, उन्हें खुद पता नहीं रहता।

Deepika Rajput