रांची में बोले CM रघुवर, झारखंड की जनता ने शांति और विकास के लिए किया वोट

punjabkesari.in Monday, May 20, 2019 - 05:28 PM (IST)

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए राज्य की जनता, प्रशासन और चुनाव आयोग की जमकर सराहना की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी भारी मतदान हुआ है। झारखंड की जनता ने शांति और विकास के लिए वोट किया है।

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में जनता ने विकास और सुरक्षा को चुना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र है सबका साथ सबका विकास। उन्होंने समाज के हर तबके के विकास के लिए काम किया है, इसलिए हर तबके से उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला है। इस दौरान उन्होंने मीडिया का भी धन्यवाद किया। सीएम रघुवर ने कहा कि चुनाव के दौरान डेढ़ महीने तक आप मीडिया के साथियों ने अहम भूमिका निभाई है। आप सभी का आभार।

इस दौरान सीएम ने कहा कि देश की जनता विकास चाहती है। राज्य की सवा तीन करोड़ जनता ने स्वार्थी, अवसरवादी और महामिलावटी महागठबंधन को नकार दिया है। 23 मई को जनता अपने बैलेट से भ्रष्टाचार, वंशवाद और नकारात्मक राजनीति का अंत करने जा रही है।

Deepika Rajput