CM रघुवर ने रांची में किया साइंस सैंटर के तारामंडल का उद्घाटन

punjabkesari.in Friday, Oct 04, 2019 - 05:24 PM (IST)

झारखंडः रांची के लोगों को आज दो बड़े तोहफे मिले हैं। पहला साइंस सैंटर का तारामंडल और दूसरा झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन तथा इनोवेशन हब का शिलान्यास। मुख्यमंत्री रघुवर दास तथा शिक्षा मंत्री नीरा यादव द्वारा दोनों योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।


बता दें कि तारामंडल का निर्माण 26 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। हालांकि, इस तारामंडल का निर्माण दो साल पहले ही पूरा होना था। इस तारामंडल की सबसे बड़ी खासियत यहां की एस्ट्रोनॉमी गैलरी है। इसमें एस्ट्रोनॉमी से संबंधित चीजों को रखा गया है। अमेच्योर खगोल विज्ञान क्लब भी है। लोग ब्लैक होल, बिग बैंग थ्योरी आदि का ज्ञान यहां प्राप्त कर सकेंगे। इसमें दुनिया भर की खगोलीय घटनाएं दिखाई जाएंगी। एक ही समय में 8,500 तारे स्क्रीन पर दिखाए जा सकेंगे। इसके लिए हायर एएनएसआइ लूमन कैपेसिटी प्रोजेक्टर लगाया गया है।


गौरतलब है मुख्यमंत्री ने गणमान्य लोगों के साथ ऑडिटोरियम में थोड़ी देर के लिए अंतरिक्ष विज्ञान का लुत्फ उठाया। इसके बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञान विज्ञान के क्षेत्र में युवा छात्रों को जरूर दिलचस्पी रखनी चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार विज्ञान का प्रचार प्रसार और शिक्षाविद छात्र-छात्राओं के लिए विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने को लेकर अभियंत्रण और डिप्लोमा टॉपर्स को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा करती है।

Ajay kumar