सीएम विचार गोष्ठी में हुए शामिल, सरकार की विभिन्न सर्व स्पर्शी योजनाओं के बारे में हुई चर्चा

punjabkesari.in Thursday, Mar 22, 2018 - 12:18 PM (IST)

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास प्रदेश के भाजपा विस्तारक वर्ग की बैठक में शामिल हुए। महामंत्री प्रवास के अन्तर्गत रांची में आयोजित प्रबुद्धजनों की विचार गोष्ठी में वर्तमान परिदृश्य में राजनीतिक आदर्शों और जनता के उत्थान के लिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न सर्व स्पर्शी योजनाओं के बारे में चर्चा की। 

बैठक में सभी ने सरकार की योजनाओं, पार्टी के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का और बूथ स्तर पर संगठन को सुढृढ़ करने का संकल्प लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। देशभर में लगभग साढ़े तीन करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन मिल चुका है। उन्होंने कहा कि झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां बहनों को सिलेंडर के साथ चूल्हा भी दिया जाता है। सीएम ने कहा कि राज्य में अब तक 12 लाख गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन मिल चुका है, जबकि अगले 2 महीनों में 15 लाख और गरीब बहनों को सिलेंडर और चूल्हा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना, स्टार्ट अप इंडिया, मुद्रा योजना जैसी योजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है। 

रघुवर दास ने कहा कि विकास विरोधी शक्तियां छटपटा रही है। वह किसी भी कीमत पर पीएम मोदी को रोकना चाहती है। इनका मोदी हटाओ, भाजपा हटाओ एक ही एजेंडा है। पीेएम मोदी और भाजपा गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के विकास की बात करते है, जो इन्हें हजम नहीं हो रहा। सीएम ने कहा कि विचार गोष्ठी के माध्यम से ऐसी शक्तिओं को बेनकाब करना आप सबकी जिम्मेदारी है।

Punjab Kesari