CM ने कहा- हम झारखण्ड को विकास की नई ऊंचाईयों तक पहुंचाएंगे

punjabkesari.in Wednesday, Nov 29, 2017 - 05:20 PM (IST)

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को रांची में झारखण्ड राज्य विकास परिषद की बैठक में भाग लिया। उन्होंने कहा कि 3 साल में हम कई मामलों में टॉप-3 में आए हैं। राज्य के अधिकारियों द्वारा यह सब संभव हो पाया है। इसमें आप सबकी मेहनत है, इसे रफ्तार दें । 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विकास का ऐसा ढांचा तैयार किया जाए, जिससे लोग गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) कार्ड लेने से इंकार कर दें। लोगों को स्वावलंबी बनाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी शनिवार या रविवार को किसी न किसी गांव का दौरा जरुर करें। सरकारी तंत्र को मजबूत कर विकास कार्यों को तेज करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट डेवलपमेंट काउंसिल के जरिए हम झारखण्ड को विकास की नई ऊंचाईयों तक पहुंचाएंगे। 

सीएम ने ट्वीट कर कहा कि सचिव अपने विभाग तक ही सीमित न रहें, दूसरे विभाग को भी सलाह दें। 1-1 साल का टारगेट बनाएं उसी रोडमैप पर चलें। हर 3 महीने में देखें कि काम कहां तक पहुंचा है। देश के 100 पिछड़े जिले में 6 झारखंड में हैं उनका विकास हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।