राज्य पुलिस अलंकरण समारोह में शामिल हुए सीएम, कहा- जवानों के अदम्य साहस को करता हूं सलाम

punjabkesari.in Wednesday, Nov 14, 2018 - 06:40 PM (IST)

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य पुलिस अलंकरण समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने झारखंड पुलिस के अदम्य साहस को सलाम किया। सीएम ने कहा कि पुलिस के जिन जवानों ने राज्य की सुरक्षा के लिए बलिदान दिया उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता है। शहीद जवानों को शत्-शत् नमन हर झारखंडवासी को आपकी वीरता पर गर्व है।

सीएम ने कहा कि मेरी ओर से पुलिस अलंकार समारोह में वीरता पदक से अलंकृत सभी अधिकारी और जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। किसी भी सेवा में सम्मान पाना जिन्दगी का एक बहुत ही बहुमूल्य क्षण होता है। आज 102 लोगों को सम्मानित किया गया जो झारखंड पुलिस की दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा को सिद्ध करता है।

सीएम ने कहा कि झारखंड 18 साल का होने जा रहा है। पहले हमारा राज्य भ्रष्टाचार और उग्रवाद के चलते सुर्खियों में रहता था लेकिन अब हमारे पुलिस के जवानों और जनता के सहयोग के कारण ये छवि बदली है। उन्होंने कहा कि अब एक बेदाग सरकार, उग्रवाद मुक्त राज्य के तौर पर जाने जा रहे हैं। पिछले 4 साल में झारखंड में उग्रवाद की कोई बड़ी घटना नहीं हुई, ये आपकी कठिन मेहनत का नतीजा है।

इस दौैरान सीएम ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि जंगलों में रहकर इस राज्य की शांति के लिए जो कार्य कर रहे हैं, उसके लिए मैं व्यक्तिगत रूप से और राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की तरफ से पुलिस विभाग को सेल्यूट करता हूं। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने झारखंड को उग्रवाद मुक्त और अपराध मुक्त राज्य बनाना है। यहां अब केवल 20 फीसदी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र बचा है। 

prachi