झारखंड विस चुनावः कांग्रेस प्रत्याशी ने समर्थकों के साथ निकाली बाइक रैली, BJP पर साधा निशाना

punjabkesari.in Wednesday, Dec 11, 2019 - 11:36 AM (IST)

रांची: झारखंड में 81 सीटों पर 5 चरणों में विधानसभा चुनाव करवाए जा रहे हैं। पहले और दूसरे चरण के चुनाव हो चुके हैं। बुधवार को तीसरे चरण के चुनाव 17 सीटों पर करवाए जाएंगे। इसी के चलते हटिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अजय नाथ शाहदेव ने मंगलवार को अपने कई समर्थकों के साथ बाइक पर रैली निकाली। साथ ही उन्होंने कई जगहों पर पद यात्रा करके जनता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि झारखंड की जनता अब बदलाव चाहती है। इस विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास की विदाई तय है। साथ ही शाहदेव ने कहा कि राज्य सरकार ने जनता से कई वादे भी किए थे लेकिन उसे अभी तक पूरा करने में असमर्थ रही है। राज्य सरकार ने लोगों को रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं देने का वादा किया था, जो कि सरकार पूरा नहीं कर पाई है।

अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि रघुवर सरकार होर्डिंग और बैनर की सहायता से विकास दिखाने की कोशिश कर रही है लेकिन लोग सही मायने में विकास चाहते हैं। ग्रामीणों के पास यदि आप जाएंगे तो पता चलेगा कि उन्हें सबसे ज्यादा रोजगार की आवश्यकता है।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि लोग हमें भरपूर समर्थन दे रहे हैं। हटिया के लोग भी परिवर्तन चाहते हैं। इस बार बदलाव जरूर होगा। साथ ही बुनियादी मुद्दों पर चुनाव लड़ा जा रहा है। बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का प्रचार मंगलवार को थम गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static