कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, पूर्व अध्यक्ष डॉ अजय कुमार AAP में हुए शामिल

punjabkesari.in Thursday, Sep 19, 2019 - 12:56 PM (IST)

 

रांचीः विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे है वैसे-वैसे कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी से किनारा किया था। वहीं एक और करारा झटका कांग्रेस को तब लगा जब कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली।

बता दें कि इस साल डॉ.अजय कुमार के नेतृत्व में झारखंड में महागठबंधन का चुनाव लड़ा था। महागठबंधन में कांग्रेस समेत झारखंड मुक्ति मोर्चा(झामुमो), झारखंड विकास मोर्चा(झाविमो),और राष्ट्रीय जनता दल(राजद) पार्टियां भी शामिल थी। परंतु चुनाव में अच्छा परिणाम न आने की वजह से पार्टी में काफी बयानबाजी शुरु हो गई। जिसके बाद अजय कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। अब वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं।

दिल्ली के उपमुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उनका आम आदमी पार्टी में स्वागत किया और कहा कि "आज एक बहुत ही महत्वपूर्ण साथी देश के प्रशासन तंत्र के एक महत्वपूर्ण हस्ताक्षर डॉ अजय जी हमारे साथ जुड़ रहे हैं। मैं तह-ए-दिल से उनका आम आदमी पार्टी में स्वागत कर रहा हूं"।

आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद डॉ अजय कुमार ने पार्टी की तारीफों के पुल बांधने शुरु कर दिए। उन्होंने कहा हमारे जैसे सभी आम आदमी को ईमानदार राजनीति में सहयोग देना चाहिए। आज की राजनीति का जवाब सिर्फ आम आदमी पार्टी और मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राजनीति है।
  

Ajay kumar