लोकसभा चुनाव: रांची से कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने दाखिल किया नामांकन

punjabkesari.in Tuesday, Apr 16, 2019 - 03:58 PM (IST)

रांची: झारखंड के रांची लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी के रूप में मंगलवार को कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय ने नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस प्रत्याशी धुर्वा मैदान से रैली निकालकर विभिन्न इलाकों में घूमते हुए करीब 12:30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके पहुंचने से करीब आधा घंटा पहले ही झामुमो और झाविमो के दर्जनों कार्यकर्ता मुख्य गेट के पास जमा हो चुके थे।

सुबोधकांत नामांकन दाखिल करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी डीसी राय महिमापत रे के कमरे में पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अजय कुमार झाविमो नेता बंधु तिर्की और अन्य लोग मौजूद थे। दो सेट में उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन दाखिल करने से पूर्व सुबोधकांत सहाय ने कहा कि महागठबंधन एकजुट है और साम्प्रदायिक ताकतों को सत्ता से हटाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश की जनता मोदी के झूठ से ऊब चुकी है और उनके जुमलेबाजी से ठगी गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि रांची झारखंड और पूरे देश में महागठबंधन ही विजयी होगा। महागठबंधन की ये एकता विधान सभा मे भी जारी रहेगी। हर गांव के गरीब किसान मजदूर सभी महागठबंधन से ही उम्मीद लगाए बैठे हैं।

prachi