कांग्रेस नेताओं को याद आ रहे हैं जिन्ना, अंबेडकर और शास्त्री की नहीं आती याद: CM रघुवर दास

punjabkesari.in Saturday, Apr 27, 2019 - 04:34 PM (IST)

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बेड़ो में सरना स्थल और महादानी बाबा के मंदिर में पूजा अर्चना कर राज्य की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड यूं ही विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे, ईश्वर से यही कामना है। बेड़ो में पदयात्रा के दौरान सीएम रघुवर दास ने जनता से भी संवाद किया। वहीं केंद्र की बीजेपी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि बेड़ो की जनता देशहित में मतदान करने जा रही है, झारखंड की समृद्धि के लिए वोट करने जा रही है।

कांग्रेस पर निशाने साधते मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नेताओं को अब जिन्ना याद आ रहे हैं। आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले आदिवासी वीर सपूत, बिरसा मुंडा, बुधु-भगत, टाना भगत इन्हें याद नहीं आते। कांग्रेस को अंबेडकर और शास्त्री की याद नहीं आती। ये वही कांग्रेस है जो सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के सबूत मांगती है। वहीं इस दौरान उन्होंने कहा कि 55 साल से कांग्रेस सिर्फ वोटबैंक की राजनीति कर रही है, समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। जिन्ना की तारीफ करने वालों, सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वालों को बेड़ो की जनता बैलेट से जवाब देगी।

सीएम रघुवर दास ने कहा कि कांग्रेस ने देश के गरीबों को क्या दिया? गरीबी हटाओ का झूठा वादा। वहीं मोदी सरकार ने 5 साल में गरीबों को क्या दिया? घर-घर शौचालय, घर-घर बिजली, गरीबों को अपना घर, योजनाओं का लाभ सीधे अकाउंट में, गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर, युवाओं को रोजगार दिया है।

वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज का विकास हो रहा है, आदिवासी संस्कृति को नई पहचान मिली है। साथ ही कहा कि राज्य भर के सरना-मसना स्थलों की घेराबंदी की जा रही है। जबरन या प्रलोभन धर्मांतरण को रोकने के लिए हमारी सरकार सख्त कानून लेकर आई। बेड़ो की जनता ने ठान लिया है कि देश के विकास, देश की सुरक्षा, झारखंड की समृद्धि के लिए वोट करेगी। 29 अप्रैल को भारी संख्या में मतदान करने जाएं। मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाएं।

prachi