झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अजय कुमार ने की पद छोड़ने की पेशकश, पार्टी में बड़े बदलाब की तैय

punjabkesari.in Friday, Aug 09, 2019 - 04:41 PM (IST)

जमशेदपुरः झारखंड प्रदेश कांग्रेस में चल रहे घमासान के बीच शुक्रवार की शाम को एक बड़ा उलटफेर होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अजय कुमार ने पद छोड़ने की पेशकश कर दी है। दिल्ली में शुक्रवार को देश के सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ पार्टी की एक अहम बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में डाॅ. अजय कुमार ने हिस्सा नहीं लिया है।

इस दौरान कांग्रेस आलाकमान से प्राप्त जानकारी के मुताबिक डाॅ. अजय का झारखंड के कई वरीय नेता लगातार विरोध कर रहे थे। रांची में दो बार धक्का- मुक्की तक हो चुकी थी। इसे लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी गंभीर थी। बताया जा रहा है कि बैठक में राज्य के वरीय नेताओं को बुलाकर उनकी राय जानने का प्रयास किया गया। इसमें कुछ नेताओं ने उनके समर्थन में, जबकि अधिकांश ने उनके विरोध में बात की थी।

वहीं पार्टी हित को देखते हुए डाॅ. अजय कुमार ने अपना पद छोड़ने की पेशकश कर दी। कयास लगाए जा रहे हैं की शनिवार को होने वाली सीडब्ल्यूसी की मीटिंग में राज्य के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा भी कर दी जाएगी। पार्टी झारखंड में ज्यादा सीटें जीते इसके लिए शनिवार को गठबंधन पर भी चर्चा की जाएगी। राज्य में अध्यक्ष के साथ कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की भी तैयारी की गई है। पिछले दिनों दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की बैठक के दौरान भी झारखंड का मामला खुल कर सामने आया था। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, फुरकान अंसारी, ददई दुबे सहित कई नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष की शिकायत करते हुए फेरबदल करने की मांग की थी।  

Edited By

Jagdev Singh