झारखंड के एक और मरीज में कोरोना की पुष्टि, संक्रमितों की संख्या बढ़कर हुई 3

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2020 - 12:10 PM (IST)

 

बोकारोः झारखंड में बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तेलो गांव निवासी एक महिला के कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होने के बाद आज राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3 हो गई।

उपायुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि जिले में एक महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। संक्रमित महिला कुछ दिनों पहले बंग्लादेश से लौटी थी। उन्होंने बताया कि तेलो गांव के 3 दंपति बंग्लादेश गए थे, जहां से सभी कुछ दिनों पहले वापस आए थे। इनकी ट्रैवेल हिस्ट्री को देखते हुए बोकारो प्रशासन की ओर से सभी 6 लोगों को बोकारो के गुरु गोविंद सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज में क्वारंटाइन किया गया। साथ ही उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से एक महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है।

महिला में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें क्वारंटाइन सेंटर से बोकारो जनरल अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। बता दें कि इस महिला के संक्रमित होने के बाद झारखंड में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है। इससे पहले 2 अप्रैल को हजारीबाग के 55 वर्षीय संदिग्ध में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वह पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक विवाह समारोह से 29 मार्च को लौटा था। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कर स्वाब सैंपल रिम्स भेजा गया था।

वहीं इससे पहले 31 मार्च को रांची के हिंदपीढ़ी में कोरोना से संक्रमित मरीज का पहला मामला सामने आया था। मलेशिया से धर्म प्रचार के लिए रांची आई युवती में कोरोना संक्रमण मिला था। युवती अपने 22 साथियों के साथ मस्जिद में रुकी थी, जहां से पुलिस ने पकड़कर इनकी जांच करवाई। 22 लोगों में से एक युवती का ही सैंपल पॉजिटिव मिला। इसे रिम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static