झारखंड में पेड़ से लटके मिले 2 आदिवासी महिला हॉकी खिलाड़ियों के शव, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Wednesday, Aug 14, 2019 - 12:59 PM (IST)

रांचीः झारखण्ड के सिमडेगा जिले में दो आदिवासी महिला हॉकी खिलाड़ियों के शव एक पेड़ से लटके मिले हैं। उनके परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि दोनों महिला हॉकी खिलाड़ी सुनंदिनी बागे और श्रद्धा सोरेंग शनिवार से लापता थीं। सिमडेगा जिले के बीरू गांव में रविवार को उनके शव एक पेड़ से लटके हुए पाए गए। सुनंदिनी और श्रद्धा के परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी हत्या की गई है।

अधिकारी ने कहा कि परिवार के सदस्यों द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोमवार को सिमडेगा सदर अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम किया गया और उनके पैतृक निवास स्थान पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

बता दें कि श्रद्धा सिमडेगा जिले के पत्रटोली गांव की रहने वाली थी और सुंदरगढ़ जिले के बीरमित्रपुर में एक स्कूल की छात्रा थी जबकि सुनंदिनी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के गिपिटोला लचरा गांव की रहनेवाली थी। दोनों राउरकेला में एक हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण लिया करती थी और दोस्त बन गई थी।
 

prachi