देवघर: यौन शोषण मामले में JVM विधायक प्रदीप यादव की जमानत याचिका खारिज
punjabkesari.in Tuesday, Jun 18, 2019 - 01:20 PM (IST)
देवघर: झारखंड विकास मोर्चा के पोड़ैयाहाट विधानसभा से विधायक और लोकसभा चुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी प्रदीप यादव की यौन शोषण मामले में दायर जमानत याचिका खारिज हो गई है। विधायक प्रदीप यादव पर उनकी ही पार्टी की महिला ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए देवघर में मामला दर्ज कराया था। वहीं देवघर अदालत ने इस मामले में प्रदीप यादव की जमानत याचिका खारिज कर दी है।
इससे पहले मामले की सुनवाई के बाद एडीजे प्रथम की अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। नगर महिला थाना कांड संख्या 13/19 मामले में झाविमो की ही पूर्व महिला प्रवक्ता ने विधायक प्रदीप यादव पर छेड़छाड़ समेत तमाम आपत्तिजनक आरोपों की झड़ी लगाकर सनसनी फैला दी थी।
निचली अदालत से जमानत याचिका खारिज होने के बाद एक बार फिर इस मामले में प्रदीप यादव मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। ऐसे में अब तत्काल राहत के लिए सबकी नजरें झारखंड हाईकोर्ट पर टिक गई हैं।