धनबाद: एएसआई ममता प्रकरण के कारण दो गुटों में विभाजित हुई भाजपा

punjabkesari.in Tuesday, Nov 20, 2018 - 02:14 PM (IST)

धनबाद: महिला एएसआई के प्रकरण को लेकर धनबाद भाजपा दो गुटों में विभाजित गई है। अपनी पार्टी के पदाधिकारियों के कार्यशैली से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने धनबाद भाजपा कार्यालय में तालाबंदी कर अपना विरोध जताया है। पार्टी कार्यालय के मुख्य द्वार पर धनबाद के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल के खिलाफ नो एंट्री का पोस्टर चस्पा कर पार्टी के भीतर चल रहा विवाद सामने आ गया है।

भाजपा जहां मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, और राजस्थान में हो रहे विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर पूरे दमखम से जुटी है। वहीं झारखण्ड के धनबाद में पार्टी के भीतर ही घमासान मचा हुआ है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और उनसे जुड़े लोगों का सिर्फ अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है। वहीं जब कार्यकर्ताओं और उनसे जुड़े लोगों पर प्रशासन द्वारा अन्याय होता है तब पार्टी अपने आपको उनसे अलग कर लेती है जो असहनीय है।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि यह मामला चार दिन पूर्व शुरू हुआ था। जब धनबाद के सरायढेला थाना में पदस्थापित महिला एएसआई ममता कुमारी ने एक वाहन चेकिंग के दौरान भाजपा नेता दिलीप सिंह के बेटे और भतीजे को उनके साथ दुर्व्यवहार करने और गोली मारने की धमकी देने के आरोप में पकड़ कर थाने ले आई। इसके बाद भाजपा नेताओं और महिला पुलिस ऑफिसर के बीच टकराव हो गया था। इस बीच गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों को थाने से छोड़ भी दिया गया। मगर मामले की जांच और महिला एएसआई ममता कुमारी की जिद के बाद पुनः रविवार को दोनों युवक सूरज सिंह और रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया और जेल भेज दिया गया जिसका धनबाद भाजपा ने खुलकर विरोध किया।

वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों युवकों की रिहाई और सरायढेला थाना की महिला एएसआई ममता कुमारी के तबादले के लिए आन्दोलन की धमकी दी है। 

prachi