धनबाद: PMCH में जच्चा और बच्चा की मौत पर परिजनों का हंगामा, डाॅक्टरों पर लापरवाही का लगा आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Jul 23, 2019 - 12:05 PM (IST)

धनबाद: झारखंड में धनबाद के पीएमसीएच में सोमवार रात जच्चा और बच्चा की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वहीं इस हंगामे की सूचना पर सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने इलाज में लापरवाही बरती, जिस कारण दोनों की मौत हुई। देर रात तक जच्चा बच्चा को अस्पताल में दिए गए ट्रीटमेंट की रिपोर्ट और दोषी पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन डटे रहे।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए चिकित्सकीय कर्मचारी मौके से फरार हो गए हैं। लोदना निवासी गर्भवती रेखा देवी (27 वर्ष) को तड़के साढ़े 3 बजे परिजनों ने पीएमसीएच में भर्ती कराया था। सुबह 11 बजे रेखा ने बच्ची को जन्म दिया। उपचार बाद बच्ची को डॉक्टरों ने कमजोर बताते हुए वेंटीलेटर पर डाल दिया, जबकि रेखा देवी को नार्मल बताया।

दोपहर 2 बजे के बाद डॉक्टरों ने नवजात की मौत की सूचना दी। तब परिजन रेखा से बातचीत कर रहे थे। डॉक्टरों ने भी बताया था कि रेखा ठीक है। शाम 5 बजे के बाद रेखा ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, लेकिन परिजनों को रेखा की मौत की सूचना रात 9 बजे दी गई। देर से मिली जानकारी के बाद रेखा के परिजन डाॅक्टरों पर भड़क गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।

मृतक रेखा की शादी गंसाडीह निवासी मंटू माली से 2017 में हुई थी। इस दोहरे सदमे से रेखा के पति और पिता अरूण कुमार समेत परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल था। रेखा के भाई जितेंद्र मालाकार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। देर रात परिजन सरायढेला थाना भी पहुंचे और कार्रवाई की मांग पर डटे रहे। वे दोषी चिकित्सकों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

Edited By

Jagdev Singh