तेलंगाना से धनबाद आई स्पेशल ट्रेन में श्रमिकों से नहीं लिया किराया, यात्रियों में दिखी खुशी

punjabkesari.in Friday, May 08, 2020 - 05:22 PM (IST)

 

धनबादः शुक्रवार को तेलंगाना के लिंगमपल्ली से धनबाद आई श्रमिक स्पेशल ट्रेन से आये श्रमिकों से किराया नहीं लिया गया। किराया नहीं लिए जाने से मजदूर काफी खुश दिखे। उनका कहना था कि रेलवे ने रास्ते में बेहतर खानपान का भी बंदोबस्त किया था।

जानकारी के अनुसार, लिंगमपल्ली स्टेशन पर ट्रेन में सवार होने समय खानपान उपलब्ध कराया गया था। रास्ते में भी खाने-पीने का ख्याल रखा गया। वहीं, शुक्रवार की सुबह गया के पास उन्हें सुबह का नाश्ता भी दिया गया। धनबाद पहुंचने पर उन्हें बस से गोल्फ ग्राउंड भेजा जा रहा है। वहां से गृह जिलों में भेजा जाएगा।

बता दें कि वैश्विक महामारी को लेकर देश में जारी लॉकडाउन 3.0 के बीच में शुक्रवार को लिंगमपल्ली से स्पेशल ट्रेन संख्या 07014 से 1250 प्रवासी श्रमिक को लेकर दोपहर 12.30 बजे धनबाद पहुंची। जिला प्रशासन के मुताबिक लिंगमपल्ली से आने वाली ट्रेन में गिरिडीह, हजारीबाग तथा धनबाद जिले के प्रवासी मजदूर है। जिसमें गिरिडीह के 1197, हजारीबाग के 34 तथा धनबाद के 19 प्रवासी श्रमिक शामिल है।

Edited By

Diksha kanojia