पिछले 5 साल तक जुमले की सरकार ने देश को तबाह कर दिया: कीर्ति आजाद

punjabkesari.in Thursday, Apr 11, 2019 - 05:59 PM (IST)

 

रांची: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के धनबाद से प्रत्याशी कीर्ति आजाद गुरूवार को झारखंड कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय रांची पहुंचे। उन्होंने जहां पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान कीर्ति आजाद ने कहा कि 'मैं गोड्डा का बेटा हूं और मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ कि आज मैं इस धरती पर वापस आया हूं।'

कीर्ति आजाद ने कहा कि जनता के बीच जाकर उनका दुखदर्द बांटना ही मेरे काम का तरीका है। साथ ही कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ मेरी लड़ाई जारी रहेगी। केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल तक जुमले की सरकार ने देश को तबाह कर दिया है। बीजेपी सरकार में सिर्फ बातें ही हुई हैं।

वहीं कीर्ति आजाद ने राज्य की रघुवर दास सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने सीएम पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि 2018 तक 24 घंटे बिजली नहीं दे पाया तो राज्य की जनता से वोट नहीं मांगेंगे। मगर अभी तक झारखंड के लोगों को 12 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है।

इसी दौरान केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कीर्ति आजाद ने कहा कि देश में प्रत्येक वर्ष 2 करोड़ नौजवानों को नौकरी देने का वादा किया गया था। इसके साथ ही 8 हजार करोड़ काला धन वापस लाने का वादा भी किया था। मगर यह बातें वर्तमान में भी अधूरी है। वहीं राफेल मुद्दे पर कीर्ति आजाद ने कहा कि इस सौदे में अब तक का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है, जो सरकार सुप्रीम कोर्ट को झूठा हलफनामा दे सकती है वह जनता के साथ कुछ भी कर सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prachi

Recommended News

Related News

static