शर्मनाक: बोकारो में महिला से ज्यादती, बाल काटने के बाद अर्द्धनग्न कर गांव में घुमाया

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2020 - 03:52 PM (IST)

बोकारो: कोरोना वायरस के बीच जनपद से एक ज्यादती करने की घटना सामने आई है। यहां के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत तेनुघाट ओपीक्षेत्र में शुक्रवार शाम 35 वर्षीय महिला को पहले तो चरित्रहीन का आरोप लगाते हुए घर से बाहर निकालकर चप्पलों से पीटा गया। जिसके बाद दोनों हाथ को रस्सी से बांधकर बाल काट दिए गये। तत्पश्चात कालिख पोतकर, चप्पलों की माला पहनाकर और अर्द्धनग्न कर गांव में घुमाया गया। वहीं इस मार्मिक घटना को खुद महिलाओं ने अंजाम दिया। इस दौरान पुरुष तमाशबीन बने रहे।

हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने की हवाई फायरिंग
वहीं महिला के साथ ज्यादती की जानकारी मिलते ही पुलिस गांव पहुंची। लेकिन महिलाओं के गुस्से के चलते पुलिस को कदम पीछे हटाना पड़ा। इस दौरान महिलाओं द्वारा पुलिस पर पथराव भी किया गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। जिसके बाद बड़ी संख्या में महिला पुलिस को मौके पर बुलाकर आक्रोशित महिलाओं के कब्जे से पीड़िता को छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

महिला ने अपने पति के साथ अवैध संबंध होने का लगाया आरोप
मामले की जानकारी देते हुए गांव के पंचायत ने बताया कि गुरुवार रात पीड़िता के घर जाकर गांव की एक महिला ने अपने पति के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई की थी। शुक्रवार को पीड़िता ने इस मामले में तेनुघाट ओपी में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन शाम में फिर पीड़िता के साथ ज्यादती की घटना को अंजाम दिया गया।

पीड़िता को थाने लाकर की गई पूछताछ: SSP
इस पूरे प्रकरण पर ओपीप्रभारी वीपी सिंह ने कहा कि रात में महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोमिया में भर्ती कराया गया है। पीड़िता ने अभी किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं कराई है। बेरमो एएसपी अंजनी अंजन ने कहा कि पीड़िता को थाने लाकर पूछताछ की गई है। इस मामले में केस दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Edited By

Umakant yadav