राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश ने हेमंत सोरेन को दी बधाई

punjabkesari.in Tuesday, Dec 31, 2019 - 11:14 AM (IST)

रांचीः राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई और शुभकामनाएं दी। हरिवंश ने सोरेन से मिलकर उन्हें झारखंड के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दी ही।

सोरेन के कांके रोड स्थित आवास में दिनभर बधाई देने आए लोगों का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के अवसर पर राज्य के दक्षिणी छोटानागपुर, उत्तरी छोटानागपुर, पलामू, संथाल परगना और कोल्हान प्रमंडलों से रांची पहुंचे लोगों ने भी सोरेन से उनके आवास में मिलकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। वहीं मुख्यमंत्री आवास में दिनभर चहल-पहल रही। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से बधाई एवं अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करने पहुंचे लोगों में सभी समुदाय और सभी वर्गों के लोग शामिल थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सोरेन को बधाई देने पहुंचे लोगों से सहर्ष मिले और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार झारखंड के सर्वांगीण विकास और कल्याण के प्रति निरंतर कटिबद्ध रहेगी। झारखंड के समस्त जनमानस की अपेक्षा के अनुरूप राज्य प्रगति के नए मापदंड स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर चलना है और नया राज्य गढ़ना है।


 

Nitika