राहुल गांधी से मिले हेमंत सोरेन, झारखंड महागठबंधन में बनी सीटों पर सहमति, होली के बाद होगा ऐलान

punjabkesari.in Saturday, Mar 16, 2019 - 04:56 PM (IST)

रांचीः लोकसभा चुनावों में 25 दिन शेष रह गए हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा(जेएमएम) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में गठबंधन में सीट बंटवारे पर चर्चा की गई। झारखंड में भाजपा के खिलाफ चार दलों का महागठबंधन होली के बाद उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर सकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए झारखंड में सीटों के बंटवारे पर बात तय हो गई है। उन्होंने कहा कि इसका ऐलान होली के बाद रांची में गुरुजी(शिबू सोरेन) के सामने होगा। सूत्रों के अनुसार झारखंड में कांग्रेस 7, जेएमएम 4, जेवीएम 2 और राजद 1 सीट पर चुनाव लड़ सकती है। इसका औपचारिक ऐलान होली के बाद हो सकता है।

लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान हो चुका है। झारखंड में चार चरणों पर मतदान होने हैं। पहला चरण 29 अप्रैल, दूसरा चरण 6 मई, तीसरा चरण 12 मई और चौथा चरण 19 मई को होगा। 23 मई को परिणाम घोषित होंगे।

prachi