आपकी आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने के लिए नई सरकार सदैव करेगी कार्यः हेमंत सोरेन

punjabkesari.in Monday, Dec 30, 2019 - 01:35 PM (IST)

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद राज्य की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आपकी आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने के लिए नई सरकार सदैव कार्य करेगी। इसके साथ ही जिन मुद्दों के कारण जनता परेशान रही है, उन सभी की समीक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद उन्होंने झारखंड की सवा 3 करोड़ जनता के प्रति आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आपकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकार सदा काम करेगी। पिछली सरकार के जिन कार्यों और निर्णयों से जनता परेशान रही है, उनकी हम बहुत जल्द सीमक्षा करेंगे और उचित निर्णय लेंगे।

वहीं हेमंत सोरेन ने कहा कि हम सभी को साथ चल कर झारखंड को नित नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सभी वर्गों और समुदायों के नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करेगी। राज्य में अमन, चैन, शांति और समृद्धि का नया दौर शुरू होगा।

Nitika