कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर हेमंत का ट्वीट- सतर्क रहकर सरकारी निर्देशों का करें पालन

punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2020 - 01:37 PM (IST)

 

रांचीः झारखंड में कोरोना संक्रमित रोगियों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। एक ही दिन में 9 नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। साथ ही कोरोना की चपेट में आने से एक 75 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया है। वहीं इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि सतर्क रहकर सरकारी निर्देशों का पालन किया जाए।

हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर लिखा कि राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। यह समय है सतर्क रहकर सरकारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का। साथ ही उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। वहीं सीएम ने कहा कि आपकी सरकार संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए केंद्र सरकार से परस्पर संपर्क में है। घर पर रहें, सुरक्षित रहें।

बता दें कि बुधवार को झारखंड में कोरोना संक्रमण के 9 नए मामले सामने आए। इसमें 5 मरीज रांची के हैं, जबकि 4 बोकारो के। रांची में मिले 5 नए केस हिंदपीढ़ी क्षेत्र के हैं। ये सभी इस इलाके से मिली दूसरी पॉजिटिव महिला के परिवार के हैं। बोकारो में मिले 4 नए मरीज चंद्रपुरा प्रखंड के उसी तेलोगांव के हैं जहां से पहले एक महिला पॉजिटिव मिल चुकी है। इस तरह राज्य में अब कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 13 हो गई है। इसमें सबसे ज्यादा 7 मरीज रांची, 5 मरीज बोकारो और 1 हजारीबाग का है।

Nitika