झारखंड में सरकार ने शुरू किया 'हर-हर रघुवर घर-घर रघुवर' अभियान

punjabkesari.in Wednesday, Sep 11, 2019 - 05:21 PM (IST)

गिरिडीहः राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरु कर दी गई है। उन्होंने जनता के बीच पहुंच कर वोटरों को रिझाना शुरु कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार की शाम गिरिडीह स्थानीय विधायक निर्भय शाहाबादी पार्टी समर्थकों के साथ शहर भ्रमण पर निकले और लोगों को घर-घर रघुवर का पंपलेट देकर रघुवर सरकार के 5 साल की योजनाओं से अवगत कराया।

'हर-हर रघुवर घर-घर रघुवर'- विनय शर्मा  
 इस संदर्भ में बीजेपी के प्रदेश संयोजक विनय शर्मा का कहना है कि विधानसभा चुनाव की जो तैयारी चल रही है इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की जो योजना है उसे घर घर जा कर बता रहे हैं। इस बात का हमें गर्व है कि केंद्र की सरकार और प्रदेश की सरकार ने हर घर में कोई न कोई योजना से लोगों को प्रभावित किया है। इसलिए आज हम इस बात को फक्र से कह रहे हैं 'हर-हर रघुवर घर-घर रघुवर'। इस नारे के साथ हम आपको एक बार फिर से याद करा रहे हैं कि पुनः एक बार मोदी सरकार लाएं और जिस गति से पहले काम चला है उस गति से ज्यादा और काम हो।

वहीं स्थानीय विधायक निर्भय शाहाबादी ने कहा कि हमने कार्यक्रम की शुरुआत मकतपुर रोड से की है। कल से पूरे मंडल और चारों मंडलों के एक एक गांव में लोगों को पहुंचना है और उसके तहत में केंद्र और राज्य की जो उपलब्धियां हैं घर घर जा कर लोगों को बताने की आवश्यकता है।अब यह समस्त चुनावों का जो हमारा मुद्दा है कि हर घर में हमारी विकास की गति पहुंचे।जो कि पहले भी पहुंचा है और जो लोग सुख सुविधाओं से वंचित हैं उनको भी सूचीबद्ध करना है। साथ में उनके विकास को किस तरह से आगे लेकर जाया जाए इस बात की तैयारी को लेकर हम सभी कार्यकर्ता बंधु मिलकर घर-घर जाने का काम करेगें। घर-घर रघुवर के नारे के साथ में हमने आज इस अभियान की शुरुआत की है। हमारा प्रयास अभी तक सार्थक रहा है और सभी मंडलों में सभी कमेटियों के साथ मिलकर घर-घर रघुवर के नारे को सार्थक बनाएंगे।

बता दें कि इस मुहिम के दौरान विधायक शाहाबादी के साथ भाजपा कार्यकर्ता संजीत सिंह पप्पू , दीपक शर्मा, प्रकाश दास, संदीप शर्मा, अनूप सिन्हा, दीपक स्वर्णकार समेत कई भाजपा कार्य अधिकारी मौजूद थे। रघुवर सरकार की उपलब्धियों का पंपलेट बांटने का काम विधायक ने देर शाम मकतपुर रोड से किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान विधायक से मिलकर स्थानीय लोगों ने भी खुशी जाहिर की।

मकतपुर रोड से होते हुए विधायक स्थानीय लोगों से मिलने के लिए काली बाड़ी चौक, कचहरी चौंक, टावर चौंक, डॉक्टर्स लाईन पहुंचे और मिलकर उन्हें पंपलेट बांटे। लोगों से मिलने के साथ विधायक ने राज्य में भाजपा सरकार की जनहित में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।   

Ajay kumar