झारखंड: गढ़वा में आकाशीय बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत

punjabkesari.in Thursday, Sep 12, 2019 - 04:23 PM (IST)

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में मझियांव थाना क्षेत्र के चौधरी टोला में आकाशीय बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गढ़वा अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने घटना की पुष्टि की है। इस दौरान उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के अनुसार उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।

गुरुवार दोपहर करीब 10 लोग एक जगह बैठे थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी पास ही एक महुआ के पेड़ के नीचे छिप गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी जिसकी चपेट में सभी लोग आ गए। घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में 2 अन्य की मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे 2 लोगों का इलाज जारी है।

Edited By

Jagdev Singh