झारखंड: अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

punjabkesari.in Tuesday, Nov 13, 2018 - 05:55 PM (IST)

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के साथ राज्य के अन्य शहरों में आस्था का महापर्व बहुत ही श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। पूरा राज्य ही छठ के रंग में रंगा हुआ है। सीएम रघुवर दास ने छठ पर्व पर भगवान सूर्यदेव की पूजा कर शुभकामनाएं दी। छठव्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर पहुंचे हैं। श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्‍य दे रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, घाटों पर छठ के भक्ति गीतों की गूंज है। प्रशासन भी पर्व को बिना किसी अड़चन के पूरा करने में लगा हुआ है। विभिन्न घाटों पर पहले से ही खतरे के निशान को एनडीआरएफ की ओर से चिह्नित कर दिया गया है जिससे लोग सावधान रहें। इसके साथ ही गोताखोर भी तैयार रहेंगे। मंगलवार को भी बाजार में श्रद्धालु खरीदारी कर रहे हैं।

शेष राज्य की तरह धनबाद में लोग महापर्व छठ की आराधना में लगे हुए हैं। शहरी क्षेत्र सहित पूरे जिले में लाखों छठ व्रती सूर्योपासना में लगे हुए हैं। तालाब, पोखर और नदियों के किनारे इकट्ठा होकर व्रती डूबते सूर्य की उपासना कर रहे हैं। मंगलवार को दोपहर तीन बजे के बाद व्रती अपने घरों से छठ घाट की तरफ निकल पड़े। मैथन डैम और पंचेत डैम घाट पर भी हजारों की संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद हैं।

सूर्योपासना का यह चार दिवसीय कठिन पर्व रविवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। सोमवार को खरना था। आज डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जा रहा है। बुधवार उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन होगा।

prachi