झारखंड की 3 सीटों पर मतदान खत्म, कुल 70.54% हुई वोटिंग

punjabkesari.in Sunday, May 19, 2019 - 06:31 PM (IST)

रांची: लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के तहत झारखंड में मतदान खत्म हो गए हैं। अब सिर्फ वही लोग मतदान कर सकते हैं जो पहले से कतार में खड़े हैं। अंतिम चरण में जिन सीटों पर मतदान हुआ है उनमें दुमका, राजमहल और गोड्डा शामिल हैं। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इन तीन सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री शिबू सोरेन सहित 42 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे थे जिनके भाग्य का फैसला 45 लाख 64 हजार 681 मतदाताओं ने वोटिंग कर दिया है। अब 23 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

झारखंड में अंतिम चरण का मतदान खत्म हो गया है। इस चरण में राज्य की तीन लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। इस दौरान इन तीनों लोकसभा सीटों पर मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा है। गोड्डा सीट पर 69.11 प्रतिशत मतदान हुआ। राजमहल सीट पर 71.69 प्रतिशत मतदान हुआ। दुमका सीट पर 71.10 प्रतिशत मतदान। वहीं अंतिम चरण में झारखंड का औसत मतदान 70.54 प्रतिशत दर्ज किया गया है।


 

क्रमांक लोकसभा सीट उम्मीदवार का नाम(NDA) उम्मीदवार का नाम(महागठबंधन) 3 बजे तक मतदान प्रतिशत
1 दुमका सुनील सोरेन(BJP) शिबू सोरेन(JMM) 58.86 %
2 राजमहल हेमलाल मुर्मू(BJP) विजय कुमार हांसदा(JMM) 64.95%
3 गोड्डा निशिकांत दुबे(BJP) प्रदीप यादव(JVM) 59.30%

दुमका लोकसभा सीट से झामुमो प्रत्याशी शिबू सोरेन ने बूथों का जायजा लिया था। राजमहल से झामुमो प्रत्याशी व सीटिंग सांसद विजय हांसदा ने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 29 पर मतदान किया किया था। वोट डालने के बाद उन्होंने लोगों से मतदान को लेकर अपील भी की थी। दुमका के एक मतदान केन्द्र पर मंत्री लुइस मरांडी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

दुमका में 15, राजमहल में 14, गोड्डा में 13 उम्मीदवार मैदान में थे। अंतिम चरण में झारखंड की 3 लोकसभा सीटों के लिए कुल 45 लाख 26 हजार 693 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 23 लाख 64 हजार 541, महिलाओं मतदाताओं की संख्या 22 लाख 119 और थर्ड जेंडर के कुल 21 मतदाता शामिल थे। इन चुनावों के लिए 6,258 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत तीन निर्वाचन क्षेत्रों में 37,398 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।

तीनों सीटों पर प्रमुख दलों के प्रत्याशी मैदान में थे। दुमका में झामुमो की ओर वर्तमान सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन उम्मीदवार थे। जहां उनका सीधा मुकाबला बीजेपी के सुनील सोरेन था। राजमहल सीट पर झामुमो के मौजूदा सांसद विजय कुमार हांसदा को बीजेपी के हेमलाल मुर्मू से कड़ी चुनौती मिल रही थी। गोड्डा सीट से मौजूदा बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का मुकाबला झाविमो प्रत्याशी प्रदीप यादव के साथ था।

 

 

prachi