झारखंड को बहुत जल्द मिल जाएगा नया अध्यक्ष: प्रदेश कांग्रेस प्रभारी RPN सिंह

punjabkesari.in Tuesday, Aug 20, 2019 - 05:00 PM (IST)

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि राज्य को बहुत जल्द अध्यक्ष मिल जाएगा। वे सोमवार को रांची एयरपाेर्ट पर मीडिया के सवालाें का जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्हाेंने बीजेपी के 65 पार के सवाल पर कहा, जहां भ्रष्टाचार के लिए राज्य मशहूर हो, रिम्स में बच्चों की रोजाना मौत होती हो, किसान आत्महत्या करते हो, आदिवासियों पर जुल्म ढाए जाते हों, मूलभूत समस्याओं से जनता त्रस्त हो वहां बीजेपी अगर 65 पार का सपना देखती है तो वह सपना ही बनकर रहेगी। आरपीएन सिंह ने कहा कि फिलहाल वे राजीव गांधी की जयंती कार्यक्रम में भाग लेने आए हुए हैं।

वहीं प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती समारोह में भाग लेने के लिए सेवा विमान से सोमवार को रांची पहुंचे। 20 अगस्त को राजधानी रांची में आयोजित राजीव गांधी जयंती समारोह के विभिन्न कार्यक्रमों में वे मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगे। रांची एयरपोर्ट पर कांग्रेस विधायक दल नेता आलमगीर आलम के नेतृत्व में अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।

इस बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राजीव गांधी की जयंती समारोह के आयोजन को लेकर सारी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। मोराहाबादी मैदान, शहीद स्मारक स्थल, कांग्रेस भवन, बिहार क्लब, हरमू मैदान, सेलिब्रेशन हाॅल को सजाया गया है, जहां पर मुख्य आयोजन होना है। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न चौंक चौराहों को सजाया गया है एवं राजीव गांधी का कटआउट लगाए गए हैं। पूरे शहर को राजीवमय किया जा रहा है।

Edited By

Jagdev Singh