झारखंड सरकार ने तीन IAS अधिकारियों की बढ़ाई जिम्मेदारी, सौंपा अतिरिक्त प्रभार

punjabkesari.in Monday, May 20, 2019 - 04:51 PM (IST)

रांची: झारखंड सरकार ने तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारी बढ़ाई है। इस अतिरिक्त जिम्मेदारी के साथ अब विकास आयुक्त सुखदेव सिंह को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं योजना व वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल को अब अपर मुख्य सचिव, कार्मिक एवं प्रशासनिक विभाग का भी काम देखना होगा।

वहीं नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह को मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। प्रधान गृह सचिव एसकेजी रहाटे के दिल्ली जाने के बाद राज्य सरकार ने यह कदम उठाया है। रहाटे 1990 बैच के अधिकारी हैं। उन्हें भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय में अपर सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहां योगदान देने के लिए उन्हें 25 मई से विरमित किया गया है।

रहाटे झारखंड सरकार में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव थे। इसके अतिरिक्त उनके पास कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग व कैबिनेट का भी अतिरिक्त प्रभार था। लोकसभा चुनाव से पहले ही केंद्र सरकार ने रहाटे को ऊर्जा मंत्रालय के अपर सचिव पद पर पदस्थापित कर दिया। इसके बाद उन्हें विरमित करने संबंधी फाइल पर मुख्यमंत्री ने आदेश दिया था कि रहाटे लोकसभा चुनाव तक झारखंड में ही बने रहेंगे।

Deepika Rajput