झारखंड: कीर्ति आजाद ने अरूण जेटली पर निकाली भड़ास, बताया BJP का शकुनि

punjabkesari.in Friday, Apr 12, 2019 - 11:41 AM (IST)

रांची: कुछ समय पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व किक्रेटर और झारखंड की धनबाद लोकसभा सीट से कांग्रेसी उम्मीदवार कीर्ति झा आजाद ने केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली पर जमकर हमला बोला। झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे कीर्ति आजाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केन्द्रीय मंत्री अरूण जेटली की जमकर आलोचना करते हुए उन्हें शकुनि तक का नाम दे डाला।

केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कीर्ति आजाद ने कहा कि देश में ढाई लोगों की सरकार चल रही है।  वित्त मंत्री अरूण जेटली हेराफेरी करने के बावजूद देश के खजाने पर कुंडली मारकर बैठे हुए हैं। वहीं कीर्ति आजाद ने कहा कि उन्होंने 26 साल तक निस्वार्थ भाव से बीजेपी में रहकर पार्टी के लिए काम किया। मगर अरूण जेटली के कारण उन्हें पार्टी छोड़नी पड़ी।

इसी दौरान कीर्ति आजाद ने कहा कि मेरी घर वापसी हुई है और अपने पूर्वजों की धरती पर आया हूं। गोड्डा का बेटा हूं। 1982 से 1993, 11 वर्षो तक बोकारो में पहली और अंतिम नौकरी की थी। धनबाद आता-जाता रहा हूं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि राहुल गांधी ने उन्हें अपनी कर्म भूमि में काम करने के लिए भेजा है। मैं संसद में धनबाद और झारखंड के लिए आवाज उठाऊंगा।

 

prachi