बारिश के बाद तापमान में दर्ज की गई गिरावट, शीतलहर से कांपा झारखंड

punjabkesari.in Monday, Jan 20, 2020 - 12:41 PM (IST)

रांचीः पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटे के दौरान हुई बारिश के बाद सोमवार से अगले तीन दिन तक रात में चार डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरने और शीतलहर चलने से झारखंड कांप रहा है। झारखंड में मौसम बदलने के साथ ही एक बार फिर शीतलहर का प्रकोप तेज हो गया है। सोमवार की सुबह राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में ठंडी हवा के चलने से लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक एवं निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौसम पूर्वानुमान के तहत आगामी दो-तीन दिनों तक रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि आगामी दो दिनों तक एक-दो स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाने की संभावना है। वहीं अगले चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।

आनंद ने बताया कि अभी झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है। इससे बारिश के साथ बादल छाए रह सकते हैं और शाम होते ही धुंध का असर तेज हो सकता है। पिछले शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान में शनिवार दोपहर के बाद से राज्य के सभी 24 जिलों में बादल छाए रहने और गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना जताई गई थी। इसके बाद 21 जनवरी तक गरज के साथ बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात होने का भी अनुमान है।

वैज्ञानिक ने बताया कि 24 जनवरी से मौसम साफ होने का अनुमान है जबकि सुबह में कोहरे और दिन में धूप खिले रह सकते हैं। वहीं, सोमवार सुबह में घना कोहरा और धुंध के साथ बादल छाए रहेंगे। इसके अगले दिन 21 जनवरी की सुबह में कोहरा एवं धुंध तथा दिन में आसमान में बादल छाए रहेंगे। 22 जनवरी को सुबह में कोहरा और आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prachi

Recommended News

Related News

static