कोरोना की मार से झारखंड बेहाल, 45 नए मरीजों के साथ आंकड़ा बढ़कर हुआ 521

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2020 - 10:42 AM (IST)

रांचीः झारखंड के छह अलग-अलग जिलों में नोवेल कोरोना वायरस के 45 नए मामलों की शुक्रवार को पुष्टि होने के बाद प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमितों की संख्या जहां बढ़कर 521 हो गई है वहीं, गिरिडीह में वैश्विक महामारी से पांचवीं मौत हो गई है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रदेश की राजधानी रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) समेत अन्य सरकारी जांच केन्द्रों में विभिन्न संदिग्ध मरीजों से लिए गए स्वाब सैंपल की जांच में 45 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। प्रदेश में शुक्रवार को मिले पॉजिटिव मामलों में पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर से 14, हजारीबाग से 10, रामगढ़ से नौ, कोडरमा से सात, धनबाद से तीन और बोकारो से दो हैं।

बता दें कि राज्य में अबतक कुल 439 पुरूष जबकि 82 महिलाएं कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। इस समय राज्य में कुल 300 कोविड के एक्टिव केस हैं जबकि 216 लोग कोरोना के खिलाफ अपनी जंग जीत चुके हैं। वहीं, पांच लोगों की मौत हो गई है।

Edited By

Diksha kanojia