आने वाले दिनों में झारखण्ड विकास मोर्चा के कुनबे का अस्तित्व खत्म हो जाएगा:  निशिकांत दुबे

punjabkesari.in Thursday, Mar 28, 2019 - 01:30 PM (IST)

गोड्डा: झारखंड की गोड्डा लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद और बीजेपी नेता निशिकांत दुबे ने झारखण्ड विकास मोर्चा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि आने वाले दिनों में झारखण्ड विकास मोर्चा के कुनबे का अस्तित्व खत्म हो जाएगा। झाविमो का भारतीय जनता पार्टी में विलय हो जाएगा। सांसद ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी केंद्र में एक बार फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

सांसद व लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी निशिकांत दुबे बुधवार को बीजेपी व घटक दलों के कार्यकर्ताओं की कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने गोड्डा पहुंचे थे। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि महागठबंधन के प्रत्याशी व झाविमो नेता प्रदीप यादव जब हाथ उठाएंगे तो ऐसे व्यक्ति के लिए जो अगड़ी जाति से आता है। वहीं हम मोदी के लिए हाथ उठाएंगे, जो पिछड़े वर्ग से आते हैं।

वहीं झारखंड में राजद की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी और साथ में नीलम देवी के बीजेपी में शामिल होने को लेकर निशिकांत दुबे ने कहा कि इन दोनों नेताओं का अपनी पिछली पार्टियों में दम घुट रहा था। इसलिए वे दोनों बीजेपी में शामिल हुई हैं। हमारी पार्टी दोनों नेताओं का स्वागत करती है।

Nitika