पलामू में बोले JP नड्डा- स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड ने किया काफी सुधार

punjabkesari.in Saturday, Aug 31, 2019 - 03:00 PM (IST)

पलामू/चतरा: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा पलामू पहुंच गए हैं। यहां वे बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुनावी तैयारियों को परख रहे हैं। नड्डा के साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी मौजूद हैं। इस क्रम में पलामू में हजारों बीजेपी बूथ सदस्यों को चुनाव जीतने की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है। जेपी नड्डा दोपहर 3 बजे चतरा के इटखोरी भी जाएंगे। यहां वे मां भद्रकाली प्रांगण में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। विधानसभा चुनाव को ले वे चतरा के कायर्कर्ताओं में जोश भरेंगे।

इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि नीयत साफ हो तो नीति अच्छी बनती है। अब झारखंड के जंगल नहीं कटेंगे। उज्जवला योजना इससे आगे की कहानी बताती है। जेपी नड्डा ने उज्‍ज्वला दीदी का आह्वान किया कि वह गांव-गांव जाएं और बताएं की गैस सिलेंडर और चूल्हा के क्या फायदे हैं। जंगलों की रक्षा इससे कैसे होगी। उन्होंने कहा कि पलामू व गढ़वा जिलों में सिंचाई की व्यापक व्यवस्था कराई जाएगी स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड काफी आगे बढ़ा है।

वहीं उज्जवला दीदी सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को झारखंड सरकार पूरा कर रही है। राज्‍य में 2 लाख 17 हजार से ज्यादा सखी मंडल बनाया गया है। आदिवासी लोगों को अंडा व्यवसाय के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अब झारखंड के सभी जिलों के स्कूल डायरेक्ट अंडा खरीद पाएंगे। पलामू , गढ़वा और लातेहार में अब सुखाड़ नहीं होगा। सिंचाई के लिए सरकार सभी जिलों में नहर बनाएगी। आने वाले दो साल में पलामू प्रमंडल से सुखाड़ को दूर कर दिया जाएगा।

सीएम ने कहा कि स्थानीय नीति के तहत थर्ड ग्रेड और फोर्थ ग्रेड की नौकरी सिर्फ झारखंड के नौजवानों को दी जाएगी। केंद्र की मोदी सरकार बिना भेदभाव के गरीब और अमीर सभी लोगों को तमाम सुविधाएं प्रदान कर रही हैं। कार्यकर्ताओं ने चाहा तो अबकी बार 65 पार से भी ज्यादा 80 सीट तक हम जीत सकते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड से वंशवाद मिटाना है।

Edited By

Jagdev Singh