झारखंड विस चुनावः JVM को बड़ा झटका, जिलाध्यक्ष ज्ञानरंजन टुंडी से लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव

punjabkesari.in Monday, Nov 25, 2019 - 11:59 AM (IST)

धनबादः झारखंड विधानसभा चुनाव के नजदीकी दौर में झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) को बहुत बड़ा झटका लगा है। पार्टी के जिलाध्यक्ष ज्ञानरंजन सिन्हा ने पार्टी से अलग होकर सोमवार को टुंडी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज सिन्हा ने रविवार को टुंडी के लाला टोला में टुंडी विधानसभा के कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने झाविमो से सामुहिक इस्तीफा देकर निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झाविमो अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने न केवल उन्हें बल्कि टुंडी की जनता से भी छल किया है जिसका जवाब टुंडी की जनता 16 दिसंबर को देगी।

इस्तीफा देने वाले में झाविमो के जिलाध्यक्ष ज्ञानरंजन सिन्हा, महासचिव फिरोज कुमार दत्ता, जिला उपाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, मीडिया प्रभारी प्रदीप मोहन सहाय, बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष राजेश कुमार साहनी, अधिवक्ता मंच के अध्यक्ष पार्थो प्रतीम राय, क्रीड़ा मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष रंजीत केसरी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बबली दास, आदिवासी मोर्चा के राजगंज मंडल अध्यक्ष अरुण हेम्ब्रम, राजगंज मंडल के युवा मोर्चा के अध्यक्ष प्रेम सोरेन, राजगंज मंडल के अध्यक्ष सुरेश किस्कू समेत टुंडी एवं पूर्वी टुंडी के प्रखंड कमेटी, सभी मंच, मोर्चा तथा सभी पंचायत कमेटियां शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि झाविमो ने शनिवार को टुंडी विधानसभा से पूर्व मंत्री डॉ. सबा अहमद को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया है। बाबूलाल मरांडी के इस अप्रत्याशित निर्णय से पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश था। कार्यकर्ता टुंडी विधानसभा से ज्ञान रंजन सिन्हा को उम्मीदवार मानकर चुनावी तैयारी में जुटे हुए थे लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिलने से उनमें खासी नाराजगी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static