विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे JVM सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी

punjabkesari.in Sunday, Aug 25, 2019 - 04:34 PM (IST)

रांची: झारखंड विकास मोर्चा के लिए आगामी विधानसभा चुनाव एक बहुत बड़ी चुनौती होगा। लोकसभा चुनाव में दोनों सीटों पर झाविमो उम्मीदवारों को हार का मुंह देखना पड़ा था। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी मजबूती से उतरे इस पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत सदस्यता अभियान को सफल बनाने में पार्टी जुटी हुई है।

इस दौरान झारखंड विकास मोर्चा सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत लगा रहे हैं। इसी के तहत रविवार को झाविमो की एकदिवसीय केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक की जा रही है। जिससे सदस्यता अभियान की समीक्षा के साथ झाविमो के नेताओं और कार्यकर्ताओं से उनकी राय आगामी विधानसभा चुनाव के लिए ली जा सके।

झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने इस अहम बैठक के शुरुआती दौर में कहा है कि झाविमो ने सदस्यता बनाने का जो टारगेट रखा था और जो समय निर्धारित किया था। उसमें लगभग सदस्यता अभियान को पूरा कर लिया गया है, लेकिन अभियान हमेशा चलता रहता है। जो लोग पार्टी से जुड़ना चाहते हैं, वह उस क्षेत्र में झाविमो नेताओं के माध्यम से जुड़ते रहते हैं और आगे भी जुड़ते रहेंगे। इससे पहले भी सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा था कि ढाई लाख सदस्य बनाने का टारगेट पूरा किया जा चुका है। जल्द ही आगे की रणनीति पर पार्टी निर्णय लेगी। 

Edited By

Jagdev Singh