लातेहार: 44 डिग्री तापमान के बीच रेल कर्मचारियों को नहीं मिल रहा पीने का पानी

punjabkesari.in Monday, May 27, 2019 - 05:48 PM (IST)

लातेहारः झारखंड में मौसम लगातार गर्म होता जा रहा है। प्रदेश के लातेहार जिले में पारा 44 डिग्री के पार हो गया है। ऐसे में यहां के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पर रहा है। वहीं कामकाजी लोगों के लिए यह और भी परेशानी का कारण बन रहा है। लातेहार जिले के सीआईसी शेक्सन बरकाकाना-बरवाडीह रेल खंड में काम करने वाले कर्मचारियों को पानी की एक गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है।

ऐसे में रेल कर्मचारियों के लिए पानी के बिना ड्यूटी करनी पड़ रही है। साथ ही पीने के पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। लातेहार रेल सेक्शन में जहां हजारों कर्मचारियों के लिए रेल विभाग ने एक पानी का टंकी तो बनवाई है, लेकिन इस टंकी में पानी ही नहीं है। आए दिन पानी टंकी की मशीन खराब रहती है। अभी भी पिछले 5 दिनों से मशीन खराब है। जिसे लेकर रेल प्रशासन किसी तरह की सार्थक पहल नहीं कर रहा है। ऐसे में रेल कर्मचारियों में रेल प्रशासन के विरुद्ध काफी गुस्सा है।

वहीं रेलवे के कर्मचारियों ने बताया कि रेल विभाग हम सभी कर्मचारियों को केवल आश्वासन देता है, लेकिन पानी की सप्लाई को सुचारू करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। रेल कर्मचारियों ने बताया कि पानी की सप्लाई ठीक ना होने से जहां डयूटी करना बेहद मुश्किल हो गया है। इसी दौरान रेल अधिकारियों ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर जल मीनार पानी सप्लाई की जा रही है, लेकिन हमेशा खराब होने के कारण कर्मचारियों को परेशानी होती है। मगर इसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं इसके साथ ही झारखंड के गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में पिछले कई महीने से पेयजल समस्या झेल रहे लोगों के सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। नगर निगम क्षेत्र के चैताडीह में स्थित वाटर सप्लाई केंद्र के समीप सड़क जाम कर लोगों ने अपना विरोध-प्रदर्शन किया। 
 

 

Nitika