सोनिया गांधी से झारखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने की मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई चर्चा

punjabkesari.in Saturday, Aug 24, 2019 - 12:49 PM (IST)

नई दिल्ली/रांची: झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह के साथ झारखंड कांग्रेस के कई नेता, कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। बैठक करीब 30 मिनट तक चली। झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर चर्चा हुई। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी उमंग सिंघार, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम सहित कई नेता मौजूद रहे।

इस दौरान बैठक के बाद आरपीएन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सोनिया गांधी ने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी और कहा कि चुनाव नजदीक आ रहा है, झारखंड में कांग्रेस के सभी नेता पूरी मेहनत और लगन से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। सभी नेता एकजुट रहें। आरपीएन सिंह ने कहा कि बैठक में तय किया गया है कि रघुवर सरकार की जो भी नाकामी है उसे हम लगातार जनता के सामने रखने का काम करेंगे।

वहीं आरपीएन सिंह ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस अध्यक्ष कौन होगा इस पर फैसला जल्द लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार आलमगीर आलम, सुबोधकांत सहाय, प्रदीप बलमुचू, सुखदेव भगत, कीर्ति आजाद, केएन त्रिपाठी का नाम अध्यक्ष पद की दौड़ में चल रहा है। वहीं बैठक के बाद आरपीएन सिंह ने कहा कि झारखंड में हम लोग लोकसभा चुनाव महागठबंधन में रहकर लड़े थे। हमारी कोशिश है हम विधानसभा चुनाव भी महागठबंधन में रहकर लड़ें।

Edited By

Jagdev Singh