लोहदगा: CM रघुवर, JP नड्डा और अर्जुन मुंडा ने BJP के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित

punjabkesari.in Friday, Aug 30, 2019 - 04:46 PM (IST)

लोहरदगा: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को लोहरदगा जिले में भारतीय जनता पार्टी के शक्ति केंद्र सह बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कश्मीर हमारा है, हमारा रहेगा। जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 की धाराओं को खत्म करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने तीन लोकसभा क्षेत्र के 15 विधानसभा के बूथ कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपनी सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि 14 साल तक राजनीतिक अस्थिरता का दंश झेलने वाला झारखंड वर्तमान में प्रगति के पथ पर अग्रसर है। सीएम ने कहा कि 14 साल तक राज्य में शासन करने वाले कई मंत्री और मुख्यमंत्री होटवार जेल गए, लेकिन, जब से उनकी सरकार बनी है, उन्होंने ईमानदार और पारदर्शी सरकार देने की कोशिश की है। यही वजह है कि 5 साल का कार्यकाल पूरा होने को आया, लेकिन सरकार पर एक भी दाग नहीं लगा।

PunjabKesari

शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने झारखंड को भ्रष्टाचारमुक्त सरकार देने का दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में देश और राज्य का विकास हो रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे उज्ज्वला दीदी के घरों में जाएं। एक-एक घर में जाएं उन्हें बीजेपी से जोड़ें।

बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि देश भर में पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है। पार्टी ने 7 करोड़ लोगों को अपने साथ जोड़ा है। 11 करोड़ सदस्य पहले से हैं। अब बीजेपी के 18 करोड़ कार्यकर्ता हो गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में 6 राज्यों की सरकार थी, वर्तमान में 17 राज्यों में है। पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बननी बाकी है। उन्होंने कहा कि पहले झारखंड में फिर से सरकार बनाएंगे। उसके बाद पश्चिम बंगाल भी जीतेंगे।

इस दौरान नड्डा ने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता विवेकशील हैं। वे अपने से ऊपर के नेताओं को नहीं देखेंगे। गांव-मुहल्ला में चाचा-चाची, भाई-भतीजा को देखें। उन्होंने कहा कि देश में सभी पार्टियों में परिवारवाद है। बीजेपी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। पोस्टर लगाकर, झंडा उठाकर, चाय बेचकर बीजेपी का साधारण कार्यकर्ता ऊंचे मुकाम पर पहुंचे हैं।

वहीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि देश की जनता ने लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत दिया, लेकिन अभी 100 दिन पूरे नहीं हुए हैं। 100 दिन का काम अगले 15 दिनों में पूरा किया जाएगा। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव में जाएं एक-एक घर में जाएं और लोगों को सरकारी योजनाओं और उससे होने वाले लाभ के बारे में बताएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static