आज नहाय-खाय से शुरू हुआ आस्था का महापर्व छठ

punjabkesari.in Sunday, Nov 11, 2018 - 12:12 PM (IST)

रांची: छठ महापर्व शुरू हो गया है। यह पर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड व पूर्वी उत्तर प्रदेश में मनाया जाता है। हिंदुओं द्वारा मनाए जानेवाले इस पर्व को अन्य धर्मावलंबी भी मनाते हैं। पिछले एक दशक में धीरे-धीरे इस त्योहार का विस्तार हुआ है। यह पर्व प्रवासी भारतीयों के साथ-साथ विश्व भर में प्रचलित और प्रसिद्ध हो गया है। चार दिवसीय इस व्रत की सबसे कठिन और महत्वपूर्ण रात्रि कार्तिक शुक्ल षष्ठी की होती है इसलिए इसे छठ व्रत कहते हैं।

जानकारी के अनुसार, पहला दिन कार्तिक शुक्ल चतुर्थी ‘नहाय-खाय’ के रूप में मनाया जाता है। घर की सफाई के बाद छठव्रती स्नान कर पवित्र तरीके से बना शुद्ध भोजन ग्रहण कर व्रत की शुरुआत करते हैं। ऐसी मान्यता है कि छठ व्रत द्रौपदी ने रखा था। इस पर्व को स्त्री और पुरुष समान रूप से मनाते हैं। छठ के संबंध में अनेक कथाएं प्रचलित हैं। जब पांडव अपना सारा राजपाट जुए में हार गये, तब द्रौपदी ने छठ व्रत रखा था।

बता दें कि छठ पर्व वर्ष में दो बार मनाया जाता है। पहली बार चैत्र में और दूसरी बार कार्तिक में। चैत्र शुक्ल पक्ष षष्ठी को मनाये जानेवाले छठ पर्व को चैती छठ व कार्तिक शुक्ल पक्ष षष्ठी को मनाये जानेवाले पर्व को कार्तिकी छठ कहते हैं। छठ को प्रकृति पर्व के रूप में भी मनाया जाता है। इसमें सूर्य देव की पूजा की जाती है।

prachi