संवैधानिक संस्थाओं का गलत इस्तेमाल कर रही है मोदी सरकार: मरांडी

punjabkesari.in Sunday, May 27, 2018 - 10:54 AM (IST)

पाकुड़ः झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप केंद्र की मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं का गलत इस्तेमाल किया है और उसे हराने का समय आ गया है।

2019 के आम चुनावों में मोदी सरकार को करना होगा हार का सामना 
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि मोदी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार के सत्ता में आने के बाद से देश में संवैधानिक संस्थाओं का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश को प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के चंगुल से छुड़ाना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि विपक्षी पार्टियां देशहित में मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मिलकर लड़ी जाने वाली इस लड़ाई में 2019 के आम चुनावों में मोदी की अगुवाई वाली सरकार को हार का सामना करना होगा।

मोदी सरकार के 4 साल के शासनकाल को 'फ्लॉप' करार दिया 
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का मकसद कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की भाजपा सरकार ने औद्योगिक घरानों के फायदे के लिए गरीब किसानों और निजी जमीन मालिकों की जमीनें जबरन हथिया कर सालों पुराने छोटानागपुर और संथाल परगना काश्तकारी कानून में संशोधन की कोशिशें की हैं। मरांडी ने मोदी सरकार के 4 साल के शासनकाल को 'फ्लॉप' करार दिया।      

Nitika