झारखंड में 22 जून को आएगा मानसून, 20 को होगी प्री- मानसून बारिश

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2019 - 04:10 PM (IST)

रांची: झारखंड में मानसून के आगमन का समय अब काफी नजदीक आ गया है। 22 जून को संताल परगना के रास्ते झारखंड में मानसून के प्रवेश की संभावना व्यक्त की गई है। इससे पूर्व 20 जून से ही पूरे प्रदेश में हल्के व मध्यम दर्जे की बारिश हो जाएगी। इसे प्री-मानसून बारिश कहा जाता है। इस दौरान मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि फिलहाल मानसून बांग्लादेश होते हुए उत्तरी सिक्किम पहुंच चुका है।

डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि अब पूरे राज्य में हीट वेव की स्थिति खत्म हो गई है। अभी आंशिक रूप से बादल छाए हैं। सामान्य तापमान की अपेक्षा अधिकतम तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की जा रही है, लेकिन धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि मानसून के आगमन में हो रहे विलंब को लेकर किसानों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है।

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि किसानों को बारिश के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। खेतों में बुआई का समय अभी खत्म नहीं हुआ है। कृषि कार्यों के लिए बारिश शुरू होने में देर नहीं हुई है। वहीं सामान्य तौर पर जून के अंत तक खेतों में बुआई शुरू होती है। इससे पूर्व कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त बारिश होगी। जुलाई में अच्छी बारिश होगी।

Jagdev Singh