निशिकांत दुबे को BJP कार्यकर्ता से पैर धुलवाना पड़ा महंगा, कांग्रेस नेता ने कोर्ट में दर्ज की शिकायत

punjabkesari.in Wednesday, Sep 26, 2018 - 12:09 PM (IST)

रांचीः झारखंड में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव और आॅल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य बजरंगी प्रसाद यादव ने सोमवार को गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ अदालत में शिकायतवाद दर्ज कराई है। अधिवक्ता जनार्दन प्रसाद साह के माध्यम से दायर शिकायतवाद में न्यायालय ने सुनवाई के लिए 9 अक्तूबर की तिथि तय की है।

कांग्रेसी नेता ने निशिकांत दुबे पर आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम के दौरान गोड्डा में बीजेपी कार्यकर्ता पवन कुमार साह ने उनके पांव धोकर उस पानी को चरणामृत समझ कर पिया था। इससे उन्होंने पिछड़ा वर्ग के लोगों को अपमानित किया है। अधिवक्ता जर्नादन प्रसाद के माध्यम से बजरंगी यादव ने विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत निशिकांत दुबे पर शिकायतवाद दायर की है।

बजरंगी प्रसाद यादव ने कहा कि निशिकांत दुबे को अपने इस काम के लिए माफी मांगनी चाहिए लेकिन उन्होंने इसकी फोटो सोशल मीडिया पर डाल दी। आदिवासी समाज उनको इसके लिए कभी माफ नहीं करेगा। साथ ही यादव ने कहा कि सांसद ने इससे अपनी मनुवादी सोच का परिचय दिया है। 

prachi