विपक्ष ने साधा CM रघुवर दास पर निशाना, कहा- सरकार ने झारखंड को 100 गुना पीछे ढकेल दिया

punjabkesari.in Friday, Sep 22, 2017 - 05:30 PM (IST)

रांची(ब्यूरो): झारखंड में भाजपा सरकार के 1000 दिन पूरे होने पर विपक्ष द्वारा जमकर जुबानी हमला बोला गया है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का कहना है कि रघुवर दास की सरकार ने राज्य को विकास की स्थिति से एक सौ गुना पीछे ढकेल दिया है। राज्य में बढ़ रही हत्याएं और बलात्कार जैसे गंभीर मुद्दों से यह बात स्पष्ट होती है। 

नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन के अनुसार 14-15 वर्षों में झारखंड की जितनी तरक्की हुई थी, वर्तमान सरकार ने उसे मिट्टी में मिला दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार के खजाने में एक भी रुपए नहीं है। हेमंत सोरेन ने सीएम रघुवर दास को मासूमों और किसानों की हत्या का आरोपी बताते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की है।

कांग्रेस और राजद ने कसा तंज
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 6 विधायकों को खरीदने वाली सरकार लंगड़ी कैबिनेट के साथ चल रही है। वहीं दूसरी तरफ राजद के प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर का कहना है कि सरकार द्वारा किसानों से जमीन छीनने की योजना बनाई जा रही है।