झारखंड: गढ़वा में दर्दनाक हादसा, शादी समारोह में छत का छज्जा टूटने से 3 लोगों की मौत

punjabkesari.in Thursday, Apr 18, 2019 - 11:47 AM (IST)

 

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना क्षेत्र के अचला नावाडीह गांव में बुधवार की रात करीब 10 बजे एक शादी समारोह में छत टूटने से एक बुजुर्ग समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में 6 लोग घायल भी हैं। घायलों में से एक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य 5 को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा उस समय हुआ जब द्वार पूजा की रस्म निभाई जा रही थी।

मृतकों में दुल्हन के नाना अशोक दुबे, इंद्रनाथ धर दुबे और शैलेंद्र धर दुबे शामिल हैं, जबकि घायल में ज्योति कुमारी, अंकित धर दुबे, मेघा कुमारी, श्रुति कुमारी, मधु कुमारी और रेखा कुमारी शामिल हैं। अंकित का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य को रांची रेफर किया गया है।

अचला नावाडीह गांव में कमलेश धर दुबे की पुत्री की बारात आई थी। द्वार पूजा के दौरान छत पर भी काफी संख्या में महिलाएं थी। इसी दौरान छत का रेलिंग जो कमजोर था वह टूटकर गिर गया। जिस से नीचे खड़े उक्त सभी लोग दब गए। हादसे में इंद्रनाथ धर दुबे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दो अन्य लोगों की मौत रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में हुई। 

prachi