पार्टी ने बाबूलाल मरांडी के रूप में श्रेष्ठ कार्यकर्ता को बनाया नेता: भाजपा उपाध्यक्ष

punjabkesari.in Tuesday, Feb 25, 2020 - 10:14 AM (IST)

रांचीः बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल का सर्वसम्मति से नेता चुने जाने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि भाजपा ने एक श्रेष्ठ कार्यकर्ता को अपना नेता चुना है।

माथुर ने विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बाबूलाल विचार, मन और सिद्धांत से कभी भाजपा से बाहर नहीं गए थे। वह पार्टी के श्रेष्ठ कार्यकर्ता रहे, आज पार्टी ने इन्हें विधायक दल का नेता बनाया। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य विधानसभा में मरांडी के नेतृत्व में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। साथ ही माथुर ने मरांडी को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व वर्षों से उन्हें घर वापस लाने का प्रयास कर रहा था, कार्यकर्ता जब दूर जाता है तो कष्ट होता है।

माथुर ने कहा भगवान ने मुझे इस अवसर को साकार करने का माध्यम बनाया, यह मेरे लिए व्यक्तिगत हर्ष एवं प्रसन्नता की बात है। उन्होंने कहा कि मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की भावनाओं का सम्मान किया। भले ही पार्टी को राज्य विधानसभा चुनाव में कम सीटें मिली हैं, परंतु स्वार्थ पर आधारित बेमेल गठबंधन की सरकार से राज्य का भला नहीं होने वाला।

भाजपा उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि लगभग 2 महीने में ही राज्य की नई सरकार जनकल्याण से दूर चली गई। बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में विधायक जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पुरजोर संघर्ष करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पार्टी मुख्यालय प्रभारी सांसद अरुण सिंह ने भी आज मरांडी को नेता चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आंतरिक लोकतंत्र पर चलती है। मरांडी अनुभवी और संघर्षशील नेता हैं। पार्टी मरांडी नेतृत्व में सदन से सड़क तक राज्य हित में जनविरोधी सरकार के खिलाफ संघर्ष करेगी।

उल्लेखनीय है कि हाल में भाजपा में अपने दल झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) का विलय करने वाले झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को पार्टी विधायक दल का सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। इसके बाद भाजपा ने विधानसभा में सबसे बड़ा विपक्षी दल होने के नाते मरांडी को विपक्ष का नेता बनाए जाने की विधानसभा अध्यक्ष से अनुशंसा की।

Ajay kumar