12 सितंबर को PM मोदी आएंगे झारखंड दौरे पर, राज्य को देंगे 5 योजनाओं की सौगात

punjabkesari.in Tuesday, Sep 10, 2019 - 02:10 PM (IST)

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 सितंबर को झारखंड के दौरे पर आने वाले हैं। उनका यह दौरा ऐतिहासिक साबित होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस दिन एक साथ कई योजनाओं की सौगात झारखंड और देश को देने वाले हैं। पीएम रांची में पांच योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम धुर्वा के जगन्नाथ मैदान में होगा, जहां करीब एक लाख लोगों को वे संबोधित करेंगे। रांची पहुंचने पर पीएम सबसे पहले नए विधानसभा भवन जाएंगे।

वहां विधायकों से मिलने के बाद वे नए विधानसभा को लेकर डाक टिकट जारी करेंगे। बड़े स्क्रीन पर पूरे विधानसभा भवन की बनावट और व्यवस्था को देखने के बाद पीएम वहां से जगन्नाथ मैदान पहुंचेंगे। जगन्नाथ मैदान से पीएम नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही साहेबगंज बंदरगाह का भी ऑनलाइन शुभारंभ करेंगे। झारखंड में खुलने वाले 69 एकलव्य विद्यालय की भी शुरुआत होगी। साथ ही कृषि मानधन पेंशन योजना का भी रांची की धरती से आगाज करेंगे। पीएम इस मौके पर नए सचिवालय भवन की आधारशिला भी रखेंगे।

रांची के धुर्वा इलाके में निर्मित नया विधानसभा भवन 465 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। यह 39 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें 150 विधायकों के बैठने की सुविधा है। झारखंड में 20 हजार जनजातीय आबादी वाले प्रखंडों में एकलव्य विद्यालय खोले जाएंगे। इसमें कक्षा 6 से 12 तक कुल 480 विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा। प्रति छात्र पर 1.09 लाख रुपये खर्च आएंगे। झारखंड में कुल 69 प्रखंडों में एकलव्य विद्यालय खोलने की योजना है। मार्च 2020 से पहले 23 स्कूल खुल जाएंगे।

साहेबगंज में गंगा नदी पर मल्टी मॉडल टर्मिनल बनकर तैयार है। इस परियोजना में 299.10 करोड़ की लागत आई है। यहां से प्रतिवर्ष 1.07 मिलियन टन स्टोन चिप्स तथा 1 मिलियन टन कोयले की ढुलाई हो सकेगी। साथ ही 2500 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। झारखंड को नया विधानसभा मिलने के बाद जल्द ही नया सचिवालय भी मिलेगा। इसके निर्माण के लिए 1566.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है। यह भवन कुल 23 लाख 60 हजार 250 वर्ग फीट में फैला होगा।

किसान मानधन योजना से लघु व सीमांत किसानों को 60 वर्ष की आयु के बाद तीन हजार रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी लाभुक होंगी और उन्हें पेंशन की आधी राशि दी जाएगी। 18 से 40 वर्ष के किसान आयु के अनुसार प्रीमियम की राशि देकर इस योजना का हिस्सा बन सकेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static