रांची के प्रभात तारा मैदान में पहुंचे CM रघुवर, योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2019 - 02:55 PM (IST)

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान में जाकर योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई दिशा निर्देश भी दिए। सीएम के साथ स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी, डीजीपी केएन चौबे, रांची उपायुक्त राय महिमापत रे और एसएसपी अनीस गुप्ता मौके पर मौजूद थे। इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रांची में मुख्य कार्यक्रम होने वाला है। इसमें पीएम मोदी के साथ 50 हजार लोग योग करेंगे।

इस दौरान सीएम रघुवर दास ने कहा कि यह झारखंड के लिए गौरव की बात है कि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग का संदेश देने रांची आ रहे हैं। योग जोड़ने का काम करता है। इसलिए पीएम मोदी इसके जरिए पूरी दुनिया को जोड़ रहे हैं। साथ ही कहा कि पीएम का यही सपना है कि पूरी दुनिया योग करे और योग्य बने। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रभात तारा मैदान तक पहुंचने वाली सड़कों को चिह्नित कर कार पास बांटे गए हैं। मैदान को सील कर दिया गया है। मैदान के आसपास पड़ने वाले ऊंचे भवनों पर पुलिस की तैनाती होगी। प्रवेश द्वारों पर अधिकारी और जवान तैनात होंगे। जिलाबल, जैप, आईआरबी, आरएपी की कंपनियों को तैनात किया जाएगा।

इस दौरान अन्य जिलों से इंस्पेक्टर से लेकर डीएसपी रैंक के अधिकारियों को नियुक्त किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल को 10 जोन में बांटा गया है। हर जोन की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपी रैंक के अधिकारी पर होगी। रात 3 बजे से मैदान में एंट्री शुरू हो जाएगी। पास में दर्ज गेट से योग स्वंयसेवक मैदान में जा पाएंगे। सुबह 5.30 बजे तक मैदान में एंट्री पूरी कर ली जाएगी। सुबह 6.10 बजे पीएम का काफिला राजभवन से प्रभात तारा मैदान के लिए रवाना होगा। 6.30 बजे प्रभात तारा मैदान में कार्यक्रम शुरू होगा, जो 7.35 बजे तक चलेगा। 7.40 बजे पीएम मैदान से एयरपोर्ट के लिए निकलेंगे। 7.50 बजे रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के रवाना होंगे।

Jagdev Singh